देहरादून। ग्रीष्मकाल में बढ़ते तापमान और संभावित हीटवेव के खतरे को देखते हुए राज्य प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव ने बुधवार को आयोजित बैठक में सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्कूलों में छात्रों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने को कहा और आवश्यकता अनुसार विद्यालयों के समय में बदलाव करने के निर्देश दिए।मुख्य सचिव ने कहा कि सभी स्कूलों में कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही ओआरएस, प्राथमिक उपचार की दवाएं और आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध रखी जाए। विद्यार्थियों को हीटवेव से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया गया, ताकि वे गर्मी के प्रभाव से सुरक्षित रह सकें।उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिला अपना हीटवेव एक्शन प्लान तैयार करे और संवेदनशील (हॉटस्पॉट) क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी और राहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे। इसके साथ ही खुले में कार्य करने वाले श्रमिकों के कार्य समय में आवश्यकतानुसार बदलाव करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उन्हें तेज गर्मी से बचाया जा सके।बैठक में सचिव दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, सीसीएफ सुशांत कुमार पटनायक, डॉ. पराग मधुकर धकाते, सी. रविशंकर, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का कहना है कि समय रहते की गई ये तैयारियां हीटवेव के प्रभाव को कम करने और जनजीवन को सुरक्षित रखने में सहायक साबित होंगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
