चारधाम यात्रा-2026 का शुभारम्भ, सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी; सुरक्षित, स्वच्छ और दिव्य यात्रा पर जोर

ऋषिकेश। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार (18 अप्रैल) को ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारम्भ कार्यक्रम में भाग लिया और चारधाम के लिए रवाना होने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का औपचारिक शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए स्थापित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, साधना और आत्मिक जुड़ाव का एक पवित्र मार्ग है, जो जीवन में नई ऊर्जा और आत्मिक शांति प्रदान करता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा के आशीर्वाद से चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और राज्य सरकार इस यात्रा को सुरक्षित, सुगम, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और एक यादगार आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे देवभूमि में बिताए गए पलों को स्वर्णिम स्मृतियों के रूप में अपने साथ लेकर जाएं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वे स्वयं लगातार यात्रा की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं और सभी संबंधित विभागों को उच्च स्तर की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और धार्मिक स्थलों तथा यात्रा मार्गों की पवित्रता बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के कण-कण में भगवान का वास है, इसलिए इस पवित्र भूमि की स्वच्छता और मर्यादा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे हम अपने घर के मंदिर को साफ रखते हैं, उसी भावना के साथ देवभूमि को भी स्वच्छ रखना आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस वर्ष “ग्रीन चारधाम यात्रा” और “प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ” का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई की व्यवस्था की गई है और सभी वाहनों में डस्टबिन रखना अनिवार्य किया गया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ यात्रा को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक शांति प्रदान करती है, इसलिए सरकार हर स्तर पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सतत प्रयास कर रही है। प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने की दिशा में विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष की चारधाम यात्रा पहले से अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल साबित होगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment