देहरादून। देशभर में आयोजित नीट परीक्षा 2026 में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों की जांच के बीच देहरादून एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चाओं में आ गया है। हाल ही में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने पेपर लीक मामले में राकेश समेत तीन आरोपितों को देहरादून से हिरासत में लिया, जिसके बाद मामले को लेकर प्रदेश में भी हलचल तेज हो गई है। हालांकि प्रारंभिक जांच में आरोपितों का देहरादून से कोई सीधा संबंध सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी फरारी काटने और पुलिस से बचने के लिए घूमने के बहाने देहरादून पहुंचे थे।जानकारी के अनुसार, राजस्थान एसओजी को इनपुट मिला था कि नीट पेपर लीक मामले से जुड़े कुछ आरोपी देहरादून में छिपे हुए हैं। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त स्तर पर कार्रवाई की गई। जांच एजेंसियों ने आरोपितों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए डालनवाला क्षेत्र से तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उन्हें आगे की जांच के लिए राजस्थान ले जाया गया।गौरतलब है कि इस वर्ष तीन मई को देशभर में नीट परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और विभिन्न राज्यों में अतिरिक्त निगरानी रखी गई थी। इसके बावजूद परीक्षा के बाद कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों की खबरें सामने आने लगीं, जिसके बाद कई राज्यों की जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं। राजस्थान में मामले की जांच एसओजी और अन्य एजेंसियों द्वारा की जा रही है।देहरादून में भी नीट परीक्षा के लिए 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां करीब सात हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था और अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया था। प्रशासन का दावा है कि जनपद में परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई थी।फिलहाल जांच एजेंसियां पेपर लीक नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। देहरादून से आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया है। वहीं, पुलिस और प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
