स्कूल परिसर में देह व्यापार मामले पर महिला आयोग सख्त, डीएम को गहन जांच के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने देहरादून के एक स्कूल परिसर में कथित देह व्यापार संचालित होने के मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने मामले को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी को विस्तृत और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट कहा है कि शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले संस्थानों के आसपास या भीतर इस प्रकार की गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने प्रशासन से इस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की पहचान कर उन्हें बेनकाब करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि मामले की तह तक जाकर यह पता लगाया जाए कि इस गतिविधि के पीछे कौन लोग सक्रिय थे और किन परिस्थितियों में स्कूल परिसर का इस्तेमाल किया गया। आयोग ने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए।आयोग ने प्रशासन और पुलिस को शिक्षण संस्थानों के आसपास संचालित शराब, नशे और अन्य संदिग्ध गतिविधियों वाले ठिकानों की भी जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में स्कूलों और कॉलेजों के आसपास इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने को कहा गया है। आयोग का मानना है कि शैक्षणिक वातावरण को सुरक्षित और सकारात्मक बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।कुसुम कंडवाल ने अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों और उनके सामाजिक परिवेश पर विशेष नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को अपराध और गलत गतिविधियों से बचाने में माता-पिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। बच्चों को सही मार्गदर्शन, सुरक्षित वातावरण और नैतिक शिक्षा देना परिवार और समाज दोनों की साझा जिम्मेदारी है।महिला आयोग ने कहा कि मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना सामने आने के बाद शिक्षा और सामाजिक क्षेत्रों में चिंता का माहौल बना हुआ है तथा लोग शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment