ब्रिक्स सम्मेलन में चमका उत्तराखंड का आपदा प्रबंधन मॉडल, अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली सराहना

देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं और वर्षा जनित संकटों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील उत्तराखंड ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में एक बार फिर राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रभावी पहचान दर्ज कराई है। ओडिशा के पुरी में 3 से 5 जून 2026 तक आयोजित ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण (डिजास्टर रिस्क रिडक्शन) कार्य समूह की द्वितीय तकनीकी बैठक में उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल की व्यापक सराहना की गई।भारत की अध्यक्षता में आयोजित इस तीन दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया सहित 11 ब्रिक्स सदस्य एवं साझेदार देशों के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए।बैठक का मुख्य उद्देश्य आपदा जोखिम न्यूनीकरण, मजबूत अवसंरचना विकास, सामुदायिक आधारित पूर्व चेतावनी प्रणाली, पूर्वानुमान आधारित त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र तथा आपदा प्रबंधन के लिए सतत वित्तीय व्यवस्थाओं के संबंध में सदस्य देशों के अनुभवों और नवाचारों का आदान-प्रदान करना था।सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में अपने सफल मॉडल और नवाचार प्रस्तुत किए। इसी क्रम में उत्तराखंड की ओर से सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी (आईपीएस) तथा यूएलएमएमसी के निदेशक शांतनु सरकार ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।दोनों अधिकारियों ने उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नेतृत्व में विकसित आपदा जोखिम न्यूनीकरण, पूर्व तैयारी, क्षमता विकास, तकनीकी नवाचार और प्रभावी आपदा प्रतिक्रिया तंत्र पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में राज्य में अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, पूर्व चेतावनी प्रणाली, सामुदायिक सहभागिता और आपदा प्रबंधन की सफल रणनीतियों को प्रमुखता से रखा गया।सम्मेलन में उपस्थित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड द्वारा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पर्वतीय और आपदा संवेदनशील क्षेत्रों के लिए एक प्रभावी मॉडल बताया। विशेषज्ञों ने राज्य के अनुभवों को अन्य देशों के लिए भी उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में मिली यह अंतरराष्ट्रीय मान्यता उत्तराखंड के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और इससे राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता तथा वैश्विक स्तर पर उसकी प्रतिष्ठा को और मजबूती मिली है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment