देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर पर्वतीय जिलों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में राज्य के कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।मौसम विभाग के अनुसार 9 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश, गर्जन और बिजली चमकने की घटनाएं हो सकती हैं। जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है।विभाग के अनुसार 10 जून को राज्य के अधिकांश पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। हालांकि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर सहित मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है।इधर, केदार घाटी में मानसून की दस्तक के साथ लगातार बारिश का दौर जारी है। खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।इस बीच केदारघाटी से एक दुखद घटना भी सामने आई है। क्षेत्र में पहाड़ी से पत्थर गिरने की चपेट में आने से एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतने की अपील की है।मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने, मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। वहीं मैदानी क्षेत्रों के लोगों को गर्मी से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय धूप में निकलने से परहेज करने की सलाह दी गई है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
