काशीपुर/रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” विजन के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने रुद्रपुर क्षेत्र में देर रात कार्रवाई करते हुए काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से एक पम्प एक्शन 12 बोर बंदूक, दो ऑटोमैटिक पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस तथा एक कार की चाबी बरामद की गई है। एसटीएफ के अनुसार 10 जून को काशीपुर में एक स्विफ्ट कार से चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए गए थे, जिसके बाद से मुख्य आरोपी सौरभ अग्रवाल फरार चल रहा था। लगातार दबिश और निगरानी के बाद एसटीएफ टीम ने रुद्रपुर रोडवेज क्षेत्र से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। जांच में सामने आया कि बरामद स्विफ्ट कार को साक्ष्य छिपाने की नीयत से काशीपुर में एक पार्किंग में खड़ा किया गया था, जिसकी चाबी भी आरोपियों के पास से बरामद हुई है। एसएसपी एसटीएफ ने बताया कि राज्यभर में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है और अब तक तीन अभियोग दर्ज कर सात आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इस कार्रवाई के साथ अब तक कुल 12 अवैध शस्त्र, 315 कारतूस और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं। पूछताछ में आरोपियों द्वारा कई अहम जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर अन्य संदिग्ध लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। एसटीएफ ने आमजन से भी अपील की है कि फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
