कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, हरिद्वार में बिजली नेटवर्क मजबूत करने को 31.54 करोड़ की मंजूरी

देहरादून। वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दौरान बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग (यूईआरसी) ने ट्रांसमिशन नेटवर्क को मजबूत करने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। आयोग ने 132 केवी ज्वालापुर-रुड़की और 132 केवी सिडकुल-ज्वालापुर (सर्किट-1) ट्रांसमिशन लाइनों में पुराने कंडक्टरों को हाई टेम्परेचर लो सैग (एचटीएलएस) कंडक्टर से बदलने के लिए 31.54 करोड़ रुपये के निवेश को स्वीकृति प्रदान की है।पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पीटीसीयूएल) ने आयोग को बताया कि कुंभ 2027 के दौरान हरिद्वार में श्रद्धालुओं की संख्या रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचने की संभावना है, जिससे बिजली की मांग में भारी वृद्धि होगी। इसके अलावा सिडकुल, बहादराबाद, आईपी-4 औद्योगिक क्षेत्र तथा तेजी से बढ़ रहे शहरी विस्तार के कारण भी क्षेत्र में विद्युत भार लगातार बढ़ रहा है।पीटीसीयूएल के अनुसार वर्तमान में उपयोग की जा रही लगभग पांच दशक पुरानी ट्रांसमिशन लाइनें भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम नहीं रहेंगी। 132 केवी सिडकुल-ज्वालापुर और ज्वालापुर-रुड़की लाइनें पहले से ही अपनी क्षमता के 90 प्रतिशत से अधिक भार पर संचालित हो रही हैं, जिससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।आयोग की मंजूरी के बाद इन लाइनों में आधुनिक एचटीएलएस कंडक्टर लगाए जाएंगे, जिससे ट्रांसमिशन क्षमता बढ़ेगी और बिजली आपूर्ति अधिक विश्वसनीय बन सकेगी। इससे कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं तथा स्थानीय उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment