देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, कृषि, पशुपालन, कारागार व्यवस्था और चारधाम यात्रा से जुड़े अहम निर्णय लिए गए। मंत्रिमंडल ने उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत देते हुए समान कार्य-समान वेतन की कटऑफ तिथि बढ़ाने का फैसला किया, जबकि राज्य को पूर्ण साक्षर घोषित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।कैबिनेट ने उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा संशोधन नियमावली-2026 को मंजूरी प्रदान की। इसके तहत संस्कृत विद्यालयों की मान्यता, पाठ्यक्रम निर्धारण और परीक्षा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं में संशोधन किए जाएंगे, जिससे संस्कृत शिक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा सके।उपनल कर्मचारियों को राहत देते हुए समान कार्य-समान वेतन के लिए निर्धारित कटऑफ तिथि 12 नवंबर 2018 से बढ़ाकर 15 अगस्त 2024 कर दी गई है। इस निर्णय से बड़ी संख्या में कर्मचारियों को लाभ मिलने की संभावना है।लोक निर्माण विभाग से जुड़े मामले में मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण बिटुमेन की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण और कार्यों पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत राज्य को पूर्ण साक्षर घोषित करने का निर्णय लिया गया। सरकार के अनुसार उत्तराखंड की साक्षरता दर 98 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है।आबकारी विभाग में होलोग्राम के दोहराव की स्थिति में दोहरा कर नहीं लगाने का निर्णय लिया गया है। अब ऐसी स्थिति में केवल एक बार ही टैक्स वसूला जाएगा।कृषि विभाग के अंतर्गत सगंध एवं हर्बल उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए सेलाकुई स्थित सगंध केंद्र में मिलावट जांच की आधुनिक सुविधा विकसित की जाएगी। इसके लिए पांच नए पदों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।पर्यटन विभाग के प्रस्ताव के तहत अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली के आयोजन को मंजूरी दी गई है। इस आयोजन की जिम्मेदारी चेन्नई की एक संस्था को दी जाएगी और इसमें लगभग 50 अंतरराष्ट्रीय कारों के शामिल होने की संभावना है।गृह विभाग से संबंधित प्रस्तावों में उत्तराखंड कारागार नियमावली में संशोधन तथा कारागार अधीनस्थ सेवा नियमावली को मंजूरी दी गई है।राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को भी राहत दी गई है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक एवं पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2024 में प्रमाण पत्र समय पर न बन पाने वाले आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को दस्तावेज सत्यापन के दौरान एक बार विशेष छूट दी जाएगी।चारधाम यात्रा के दौरान संचालित घोड़ा-खच्चरों के लिए सरकार द्वारा 5 प्रतिशत बीमा दर के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं पशुपालन विभाग के तहत एम्ब्रियो ट्रांसफर तकनीक के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से गौवंश आधारित पायलट परियोजना को भी मंजूरी प्रदान की गई।बैठक की शुरुआत में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी तथा प्रसिद्ध निशानेबाज पद्मश्री जसपाल राणा के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्रिमंडल के सदस्यों और अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
