देहरादून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून पुलिस लाइन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। राज्य की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक वातावरण आज भी पूरी मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश दे रहा है।उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ-साथ एक वैज्ञानिक और व्यावहारिक जीवन पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का कार्य करती है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति और आंतरिक ऊर्जा का भी स्रोत है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारतीय संस्कृति और योग परंपरा को अपना रही है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण का सशक्त माध्यम है।‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में युवाओं, पुलिस कर्मियों और नागरिकों ने दौड़ में भाग लेकर योग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नियमित योग अभ्यास को अपनाने की अपील की।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
