उत्तराखंड में मानसून की एंट्री में देरी, 25 जून के बाद तेज बारिश के आसार

देहरादून, 20 जून 2026। उत्तराखंड में इस वर्ष मानसून की दस्तक तय समय से कुछ देर से होने के संकेत मिले हैं। मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में बताया है कि राज्य में मानसून की सक्रियता जून के अंतिम सप्ताह से बढ़ने की संभावना है। पहले मानसून के 22 से 25 जून के बीच पहुंचने का अनुमान लगाया गया था, लेकिन अब तेज बारिश का दौर 25 जून के बाद शुरू होने की संभावना जताई गई है।हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि लोगों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इससे मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ तेज बौछारें पड़ने की भी संभावना है। वहीं 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं।विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 जून से 25 जून तक राज्य के पर्वतीय जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है, जबकि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।मौसम विभाग ने बताया कि 21 से 25 जून के बीच हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का असर देखने को मिलेगा। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में इस अवधि के दौरान मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बने रहने की संभावना है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जून के अंतिम सप्ताह में मानसून के सक्रिय होने के साथ राज्य में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment