पिरान कलियर। पिरान कलियर में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बेकाबू होकर भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस गई, जिससे सड़क किनारे मौजूद कई लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।जानकारी के अनुसार दुर्घटना इमलीखेड़ा रोड स्थित अब्दाल शाह रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि यूपी नंबर की स्कॉर्पियो तेज गति से क्षेत्र से गुजर रही थी। भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे राहगीरों की ओर बढ़ गई।हादसे में बिहार निवासी मुख्तार आलम, पिरान कलियर निवासी छह वर्षीय साबरीन और दस वर्षीय शबनम गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिला।दुर्घटना के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा प्रमुख मार्गों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
