अल्मोड़ा। दन्या दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश सरकार की जनसंपर्क और विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पिछले पांच वर्षों से लगातार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुन रही है और समाधान के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल चुनाव के समय जनता के बीच दिखाई देते हैं, जबकि सरकार और जनप्रतिनिधि पूरे समय जनता के साथ जुड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ नेता आधे रास्ते से ही वापस लौट जाते हैं, जबकि हमारी सरकार लगातार गांव-गांव और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक 30 से अधिक बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं, जो आजादी के बाद किसी भी प्रधानमंत्री की तुलना में अभूतपूर्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी नियमित रूप से जनता के बीच जाकर विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना है। उन्होंने बताया कि जागेश्वर क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से क्षेत्र में सड़क निर्माण और संपर्क मार्गों का विकास किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
