देहरादून। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी**, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का विधिवत पूजन किया गया। मुख्यमंत्री धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया और आतिशबाजी कर कार्यकर्ताओं के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, वहीं मिठाई बांटकर सभी ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का प्रकाश पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दीपावली को नई ऊर्जा, सकारात्मकता और सेवा भाव का पर्व बताते हुए राज्य के विकास एवं खुशहाली के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
