लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित एक कोचिंग संस्थान में सोमवार दोपहर भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। अग्निकांड में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुट गए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस दर्दनाक घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अलीगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लखनऊ में हुई घटना की जानकारी मिली है, जिसमें आग लगने के कारण कई बच्चे फंस गए और उनकी दुखद मृत्यु हो गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री अपना कार्यक्रम बीच में छोड़कर लखनऊ लौट गए।प्रशासन की ओर से आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के समय कोचिंग संस्थान में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा घायलों का उपचार अस्पतालों में किया जा रहा है। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
