काशीपुर। पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को राजकीय चिकित्सालय लक्ष्मण दत्त भट्ट में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया तथा पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक खुराक पिलाई।इस अवसर पर अलका पाल ने कहा कि एक समय पोलियो देश के लिए गंभीर चुनौती और हजारों बच्चों के भविष्य पर संकट था, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा चलाए गए व्यापक टीकाकरण अभियान और लोगों में बढ़ी जागरूकता के चलते भारत ने पोलियो उन्मूलन की दिशा में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि आज पोलियो के मामले लगभग समाप्त हो चुके हैं, जिसका श्रेय स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा कर्मियों और आम जनता की सहभागिता को जाता है।उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को निर्धारित तिथि पर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बच्चों को आजीवन दिव्यांगता जैसी गंभीर समस्या से बचा सकती है और स्वस्थ भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित ने बताया कि अभियान के तहत अस्पताल सहित विभिन्न पोलियो बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को निःशुल्क पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा इस जीवन रक्षक दवा से वंचित न रहे।कार्यक्रम में पार्षद शाह आलम, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी, पोलियो अभियान से जुड़े कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
