हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में शुक्रवार को कॉलेज गेट के बाहर दो छात्राओं के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों छात्राओं के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए, बाल खींचे और नाखून तक मार दिए। कॉलेज गेट के बाहर अचानक हुए इस विवाद से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा कर्मियों और कॉलेज कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों छात्राओं को अलग कराया, लेकिन कुछ देर बाद एक छात्रा कुछ छात्रों के साथ दोबारा मौके पर पहुंच गई। स्थिति बिगड़ती देख सुरक्षा कर्मियों ने सभी को फटकार लगाते हुए कॉलेज गेट से बाहर कर दिया। कर्मचारियों के अनुसार दोनों छात्राओं के बीच विवाद की वजह एक बॉयफ्रेंड को लेकर चल रही तनातनी बताई जा रही है। साथ ही पिछले वर्ष हुए छात्रसंघ चुनाव में अलग-अलग छात्र प्रत्याशियों के समर्थन को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। मामले पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एन.एस. बनकोटी ने कहा कि उन्हें घटना की औपचारिक जानकारी नहीं मिली है, लेकिन कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार की अराजकता या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
