देहरादून/सहसपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहसपुर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जनसेवा शिविर में कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके घर के नजदीक ही करना है, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविर के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कई जनसमस्याओं का मौके पर ही समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 जुलाई से शुरू हुए सेवा पखवाड़े के तहत अब तक प्रदेशभर में 64 हजार से अधिक नागरिक जनसेवा शिविरों में पहुंच चुके हैं। इस दौरान कुल 5,567 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4,951 का समाधान किया जा चुका है, जबकि 2,522 लोगों को विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया है। जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने कारबारी ग्रांट में दो माह के भीतर 30 सोलर लाइट लगाने, एक जरूरतमंद महिला को उसी दिन सिलाई मशीन उपलब्ध कराने, सेलाकुई क्षेत्र में सड़क, नाली एवं जल निकासी कार्यों में तेजी लाने, भाऊवाला में दो माह के भीतर श्मशान घाट निर्माण कराने, अटकफार्म एवं सेंट्रल होपटाउन की बंदोबस्त संबंधी समस्या 15 दिनों में सुलझाने, भगवानपुर बहुगुणा मार्ग पर पार्क एवं ओपन जिम निर्माण के प्रस्ताव पर कार्रवाई करने तथा बड़ोवाला में एक माह के भीतर डिस्पेंसरी और एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, निवेश और हवाई संपर्क सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि जी-20 बैठकों, राष्ट्रीय खेलों, शीतकालीन यात्रा और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसे आयोजनों ने राज्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और सख्त नकल विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने सामाजिक न्याय और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
