सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: हर्रावाला से 720 श्रद्धालुओं को लेकर 13 जुलाई को रवाना होगी विशेष ट्रेन

देहरादून। उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग ने ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर्रावाला (देहरादून) से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम तक विशेष रेल यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस विशेष ट्रेन को 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से रवाना किया जाएगा, जिसमें 720 श्रद्धालु सोमनाथ धाम की यात्रा करेंगे। यात्रा को सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए संस्कृति विभाग ने मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।संस्कृति विभाग के निदेशक प्रदीप जोशी द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार, उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के अनुरोध पर विभाग ने ट्रेन संचालन के लिए 9 लाख रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि भी अग्रिम रूप से जमा कर दी है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात्रि भोजन, पीने का स्वच्छ पानी, चाय-कॉफी, शीतल पेय, छाछ तथा पैक्ड नारियल पानी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही ट्रेन में पर्याप्त स्टाफ, नामित अधिकारी, संपर्क व्यवस्था और हरिद्वार स्टेशन पर निर्धारित ठहराव की भी व्यवस्था की जाएगी।इस धार्मिक यात्रा को विशेष स्वरूप देने के लिए हर्रावाला रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है। कार्यक्रम में राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने का प्रस्ताव है। इसके लिए स्टेशन पर मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत-सम्मान और विशेष रूप से ट्रेन की आकर्षक सजावट की तैयारियां भी की जा रही हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार यात्रा का अनुभव प्रदान करना है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment