देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में आधारभूत ढांचे, धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क और जनसुविधाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से करीब 28 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों में मंदिरों के विकास, सड़क एवं पुल निर्माण, पुलिस आवास और छठ पूजा स्थल जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ध्वज जयंती माता मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवास, पेयजल, शौचालय और मार्ग निर्माण कार्यों हेतु 97.09 लाख रुपये मंजूर किए हैं। वहीं मूनाकोट विकासखंड के ग्राम भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा दीवार और धर्मशाला निर्माण के लिए 22 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। खटीमा के ग्राम भूड महोलिया में चार बीघा भूमि पर छठ पूजा स्थल विकसित करने के लिए 2.70 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र स्थित द्वितीय केदार श्री मद्ममहेश्वर धाम के विकास कार्यों के लिए 54.81 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।सड़क और पुल निर्माण को भी प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में बेड़ा से भट्ठयानी मेल्टीनाथ तक आंतरिक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 62.19 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। ऊधम सिंह नगर के सितारगंज में सूर्यनगर और शांतिपुरी नंबर-4 के बीच गोला नदी पर 250 मीटर लंबे पीएससी पुल के निर्माण के लिए 18.78 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग के सुधारीकरण हेतु 2.46 करोड़ रुपये तथा हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र में अकबरपुर-खुंडेवाली-लोदीवाला-झबरेड़ा नगर पंचायत मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए 66.68 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जनपद के थाना श्यामपुर में टाइप-3 के छह पुलिस आवासों के निर्माण के लिए 3.10 करोड़ रुपये की मंजूरी देते हुए प्रथम किश्त के रूप में 1.24 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन भी किया है। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से धार्मिक पर्यटन, सड़क संपर्क, पुलिस आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं को मजबूती मिलेगी तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को और गति प्राप्त होगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
