काशीपुर। नगर निगम में सफाई कार्य कर रहे संविदा कर्मचारियों की हड़ताल आज भी जारी है। कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी विभिन्न मांगों की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है। आज नगर निगम में एक कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को वहां से हटा दिया, जिसके बाद वे पहले कोतवाली पहुंचे और फिर महेशपुरा स्थित सभा स्थल पर एकत्र हुए। कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्तमान में एमएसडब्ल्यूएम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के माध्यम से कार्यरत हैं, लेकिन अधिकांश कर्मचारियों का भविष्य निधि (पीएफ) और कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) का अंशदान उनकी ज्वाइनिंग तिथि से नियमित रूप से जमा नहीं किया गया है। कई कर्मचारियों के मामले में अब तक एक भी किस्त जमा नहीं हुई, जबकि कुछ के केवल कुछ महीनों का ही अंशदान जमा किया गया है।संविदा कर्मचारियों का कहना है कि पीएफ और ईएसआई उनकी आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं हैं। इनका नियमित जमा न होने से भविष्य को लेकर कर्मचारियों में चिंता और असंतोष बढ़ रहा है।कर्मचारियों ने मेयर दीपक बाली से हस्तक्षेप की मांग करते हुए संबंधित कंपनी को निर्देशित करने का अनुरोध किया है, ताकि सभी कर्मचारियों का पीएफ और ईएसआई ज्वाइनिंग तिथि से अब तक का बकाया जमा कराया जाए और भविष्य में भी नियमित रूप से जमा होता रहे। इसके अलावा कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि नियुक्ति के समय हर माह की 5 तारीख तक वेतन देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्तमान में वेतन 18 या 19 तारीख तक मिल रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान राजू, आशीष कुमार, संजय, ललित, भूरे सिंह, रोहित, आकाश, हरकेश, अशोक कुमार, आसिफ, अनिकेत, सुरेश, सिकंदर, विजय, सोनू, अशोक, अमित, राजेश, तुषार सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
