देहरादून। मौसम विभाग द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए जाने के बाद मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** ने शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखी जाएं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल एवं चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है, जबकि प्रदेश के अन्य जनपदों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री धामी ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सामान्य होने तक ट्रेकिंग गतिविधियों को नियंत्रित रखने, संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सड़क के बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व, ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने तथा पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन और अन्य बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश एवं खराब मौसम के दौरान पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सभी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
