देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दोनों महत्वपूर्ण पहल प्रदेश में सुशासन को मजबूत करने, सरकारी सेवाओं को सरल बनाने और विकास को स्पष्ट दिशा देने में अहम भूमिका निभाएंगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी सरकार की सफलता केवल योजनाएं बनाने से नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने से तय होती है। कई बार जानकारी के अभाव में पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते, वहीं एक ही जानकारी के लिए बार-बार दस्तावेज उपलब्ध कराने और अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से इन समस्याओं को कम करने का प्रयास किया जाएगा। पोर्टल के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी और नागरिकों को मिलने वाली सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से सरकारी सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान आसान बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। वहीं, ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ के तहत लगभग 440 संकेतकों के आधार पर प्रदेश के विकास के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विजन के माध्यम से उत्तराखंड के विकास की प्राथमिकताओं और भविष्य की दिशा को स्पष्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा और प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
