काशीपुर। पुलिस ने त्यौहारों को मध्यनजर रखते हुए बाइक चालक बाजारों में स्टैंड करते और बिना नंबर की बाइक के दौड़ाते नजर आ रहे हैं, जिसको लेकर रबाइक बाइक चालकों के खिलाफ काशीपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के संचालित हो रही 12 बाइकों को सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, सड़क पर बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन है। नंबर प्लेट वाहन की पहचान का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम होती है। किसी दुर्घटना, सड़क पर विवाद, वाहन चोरी या अन्य आपराधिक घटना में वाहन की पहचान करने और उसके मालिक तक पहुंचने में नंबर प्लेट की अहम भूमिका होती है। ऐसे में बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने से न केवल कानून व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां पैदा होती हैं, बल्कि सड़क पर होने वाली घटनाओं की जांच भी प्रभावित हो सकती है। काशीपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी बाइक और अन्य वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप स्पष्ट नंबर प्लेट अवश्य लगवाएं। नई बाइक खरीदने के बाद भी बिना पंजीकरण नंबर प्लेट के सड़क पर वाहन न दौड़ाएं और ना ही बाइक से स्टंट करें। नंबर प्लेट को मिटाने, छिपाने, मोड़ने या अस्पष्ट रखने से भी बचें। साथ ही हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की आदत डालें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियम केवल चालान और जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद की और दूसरों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक वाहन चालक अपनी जिम्मेदारी समझे और नियमों का पालन करे। काशीपुर पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना नंबर प्लेट और यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध चेकिंग और सीज करने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
