स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महापौर ने दूसरी बार लगवाया नगर निगम में मेला

काशीपुर। नगर निगम परिसर में सोमवार को दूसरी बार आयोजित भव्य दीपावली स्वदेशी मेले का महापौर दीपक बाली ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नगरवासियों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वदेशी सामान खरीदने से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिलेगी और छोटे व गरीब दुकानदारों का उत्साह भी बढ़ेगा। महापौर ने कहा कि पहले दीपावली मेला जीजीआईसी के सामने पुरानी जेल परिसर में आयोजित होता था, लेकिन वहां मल्टीपार्किंग का निर्माण शुरू होने से दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। दुकानदारों की परेशानी को देखते हुए पिछले वर्ष नगर निगम परिसर में मेले का आयोजन शुरू कराया गया था। पिछले वर्ष मिली सफलता के बाद इस बार भी मेले के लिए नगर निगम परिसर को चुना गया है। मेला दीपावली तक जारी रहेगा।मेले में कुल 53 दुकानें लगाई गई हैं, जहां मिट्टी के दीये, मूर्तियां, हस्तनिर्मित पायदान, दरी, हटरी, गुलदस्ते, डलिया, टोकरी, बेडशीट, कुशन कवर और गोबर से बने उत्पादों सहित विभिन्न स्वदेशी सामान उपलब्ध हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं गीता चंद्रा, रेनू नौटियाल, गायत्री देवी, मंजू, रजनी देवी, ममता, पूनम गोला, राशिदा, फहमीदा और फरीदा द्वारा तैयार उत्पाद मेले का विशेष आकर्षण बने हुए हैं। इसके अलावा हथकरघा डिजाइन सेंटर की ओर से भी प्रदर्शनी लगाई गई है। सेंटर के संचालक मोहम्मद इसरार हुसैन राज्य स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं। मेले में सौंदर्य प्रसाधन, चूड़ियां, प्लास्टिक की मालाएं, इलेक्ट्रिक झालरें, कैलेंडर, तस्वीरें और खानपान के स्टाल भी लगाए गए हैं। मेले में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पहुंचकर लोग तस्वीरें ले रहे हैं और पिछले वर्ष की यादें ताजा कर रहे हैं। दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन के बाद महापौर दीपक बाली ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दुकानदारों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी, नगर निगम कर्मचारी तनवीर आलम, पीयूष प्रधान, चेतन अरोड़ा, जसवीर सिंह सैनी और राजकुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment