देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड का संबंध सहोदर भाइयों जैसा है। दोनों राज्यों के बीच भौगोलिक और प्रशासनिक संबंधों के साथ-साथ गहरा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। दोनों प्रदेशों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखंड महोत्सव को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और रीति-रिवाजों से है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखंडी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं और प्रदेश के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार बीते तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन आयोजित कर रही है, जिसके माध्यम से प्रवासियों के ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों के विकास में योगदान देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपनी जन्मभूमि और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहना बेहद महत्वपूर्ण है। प्रवासी उत्तराखंडी जहां भी रहें, अपनी लोकसंस्कृति, भाषा और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी को भी अपनी जड़ों और विरासत से परिचित कराएं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
