ऑनलाइन टोकन प्रणाली से होगा उर्वरक वितरण, किसानों को FFS ऐप पर करना होगा पंजीकरण

रुद्रपुर, 18 नवंबर। मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वी.के.एस. यादव ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 16 नवंबर से जनपद ऊधम सिंह नगर में उर्वरक का वितरण ऑनलाइन टोकन प्रणाली के आधार पर किया जा रहा है। किसानों को सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए अपने एंड्रॉइड मोबाइल फोन में गूगल प्ले स्टोर से Framework for Fertilizer Sale (FFS) ऐप डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि किसान इस ऐप पर अपनी फार्मर आईडी अथवा आधार नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। जिन किसानों की अभी तक फार्मर आईडी नहीं बनी है, वे आधार नंबर से भी पंजीकरण कर सकते हैं। टोकन जनरेट करने के लिए किसानों को भूमि एवं फसल का विवरण, उर्वरक और उसकी मात्रा तथा संबंधित विक्रेता का चयन करना होगा। फार्मर आईडी से लॉगिन करने पर भूमि का विवरण स्वतः प्रदर्शित हो जाएगा, जबकि आधार नंबर से पंजीकरण करने वाले किसानों को Add/Claim Land Details विकल्प में जाकर अपनी श्रेणी और उप-श्रेणी का चयन कर भूमि का आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। जिन किसानों का भूमि रिकॉर्ड तहसील स्तर से ऑनलाइन नहीं हो पाया है, वे अपने अभिलेख एफएफएस ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। सभी विवरण दर्ज करने के बाद किसान का टोकन जनरेट हो जाएगा। टोकन बनाते समय ही उर्वरक, उसकी मात्रा और संबंधित डीलर का चयन करना होगा। किसान जनरेट किए गए क्यूआर कोड को संबंधित उर्वरक विक्रेता केंद्र पर ले जाकर पीओएस मशीन में स्कैन कराकर अपनी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक प्राप्त कर सकते हैं। डॉ. यादव ने सभी किसान भाई-बहनों से निर्धारित प्रक्रिया अपनाकर उर्वरक प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंजीकरण अथवा टोकन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर किसान कृषि विभाग के निकटतम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment