उत्तराखंड होमगार्ड में घोटाले से हड़कंप, डीजी पीवीके प्रसाद की रिपोर्ट पर डीसीजी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संस्तुति सीएम धामी ने दिए जांच के आदेश

देहरादून।उत्तराखंड होमगार्ड विभाग में सामने आए करीब दो करोड़ रुपये के कथित घोटाले से शासन और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। डीजी होमगार्ड पीवीके प्रसाद ने इस प्रकरण की विस्तृत जांच रिपोर्ट शासन को सौंपते हुए टेंडर प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने की बात कही है। रिपोर्ट में डीसीजी अमिताभ श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, सेवा से बर्खास्त करने और लगभग दो करोड़ रुपये की रिकवरी किए जाने की संस्तुति की गई है।जांच में सामने आया है कि टेंडर प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों और वित्तीय मानकों की अनदेखी की गई, जिसे विभागीय स्तर पर गंभीर माना गया है। डीजी स्तर के अधिकारी द्वारा की गई जांच के बाद रिपोर्ट सामने आने से सचिवालय, पुलिस मुख्यालय और होमगार्ड विभाग में दिनभर इस मामले को लेकर चर्चा होती रही।मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल शासन स्तर पर रिपोर्ट का परीक्षण किया जा रहा है और आगे की कानूनी व विभागीय कार्रवाई को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि इस मामले में जल्द ही अहम निर्णय लिए जा सकते हैं, जिससे होमगार्ड विभाग में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment