मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा सरकार के डबल इंजन कार्यकाल में उत्तराखंड के प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सड़कों का निर्माण दोगुना हुआ है और बिजली उत्पादन में चार गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते विपक्ष को यह विकास नजर नहीं आ रहा और वह भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।मुख्यमंत्री खटीमा स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा महाविद्यालय में आयोजित भजन संध्या एवं विंटर कार्निवाल को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया और छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भजन संध्या जैसे आयोजन सनातन संस्कृति, लोक परंपराओं और युवा चेतना का सुंदर संगम हैं।सीएम धामी ने कहा कि राज्य में संविधान का राज चलता है और सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हैं। सामाजिक न्याय की नींव मजबूत हुई है और समाज के हर वर्ग का विकास हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड में विकास के साथ-साथ सामाजिक मूल्य, परंपराएं और सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहेंगी और यह सब बिना किसी डेमोग्राफिक बदलाव के होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा केवल उनकी विधानसभा नहीं, बल्कि उनका घर और कर्मभूमि है। उन्होंने खटीमा-टनकपुर के बीच भव्य सैन्य स्मारक के निर्माण की घोषणा की। साथ ही बताया कि पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है, जो सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाता है।अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत ढिल्लू राणा के परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बधाया। इसके अलावा पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम सिंह जेठी, जिनकी पत्नी का हाल ही में निधन हुआ था, तथा वरिष्ठ व्यवसायी जशोधर भट्ट के निधन पर उनके परिजनों से भी भेंट की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सभी उनके परिवार का हिस्सा हैं और किसी भी कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, एसपी निहारिका तोमर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्रसंघ पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
