काशीपुर। खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध से काशीपुर के उद्योग प्रभावित रहे हैं। ऐसे में उद्यमियों की समस्या पर कुमायूं गढ़वाल चेंबर ऑफ कॉर्मस एण्ड इंडस्ट्री (केजीसीसीआई) के अध्यक्ष पवन अग्रवाल देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और समस्याओं के समाधान कराने की मांग की।अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्तमान में चल रहे युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला बाधित हुई है। इसका उद्योगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने सीएम से उद्योगों को एलपीजी की नियमित एवं पर्याप्त आपूर्ति किए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड में कृषि आधारित उद्योग वर्तमान में उच्च मंडी शुल्क एवं विकास उपकर (2-5 फीसदी) के कारण प्रतिस्पर्धा में पिछड़ते जा रहे हैं जबकि उत्तर प्रदेश में यह दर 1-5 फीसदी है। वहां किसानों से सीधी खरीद पर भी छूट प्रदान की जा रही है। राज्य के अधिकांश उद्योगों को कच्चा माल स्थानीय स्तर पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध न होने के कारण अन्य राज्यों से मंगाना पड़ता है जिससे उनकी उत्पादन लागत बढ़ जाती है। मंडी शुल्क एवं विकास उपकर की दर को घटाकर उत्तर प्रदेश के अनुरूप किया जाए। किसानों से सीधी ऽरीद पर मंडी शुल्क/उपकर में छूट प्रदान की जाए। द्वितीय आवक पर पुनः मंडी शुल्क/विकास उपकर न लगाया जाए।उन्होंने कहा कि यूपीसीएल के प्रयासों के बावजूद उद्योगों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति में सुधार नहीं हो पा रहा है। बार-बार ब्रेकडाउन, ट्रिपिंग, पावर कट, लो वोल्टेज एवं सब-स्टेशनों की अपर्याप्त क्षमता के कारण उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने संपूर्ण विद्युत प्रणाली का सर्वे (ऑडिट) कराकर निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक मेंटीनेंस एवं अपग्रेडेशन करने की मांग की।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
