रुद्रप्रयाग। केदारनाथ क्षेत्र में सोमवार को अचानक मौसम खराब होने से हेली सेवाओं का संचालन प्रभावित हो गया। घना कोहरा और धुंध छाने के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिसके चलते दो हेलीकॉप्टरों को एहतियातन अगस्त्यमुनि मैदान स्थित हेलीपैड पर सुरक्षित आकस्मिक लैंडिंग करानी पड़ी। घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही, हालांकि दोनों हेलीकॉप्टर सुरक्षित बताए गए हैं और सभी यात्री एवं क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सेवा का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सेरसी की ओर जा रहा था, जबकि इंडो कॉप्टर कंपनी का दूसरा हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड से फाटा के लिए उड़ान पर था। इसी दौरान गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया और घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई। खराब मौसम और सीमित दृश्यता को देखते हुए दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल अगस्त्यमुनि हेलीपैड पर लैंडिंग करने का फैसला लिया।बताया जा रहा है कि मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण हेली सेवाओं के संचालन पर कुछ समय के लिए असर पड़ा। प्रशासन और संबंधित हेली कंपनियों की ओर से लगातार मौसम की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम पूरी तरह सामान्य होने के बाद ही आगे की उड़ानों को अनुमति दी जाएगी।चारधाम यात्रा के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलने की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं, जिसके चलते हेली सेवाओं के संचालन में विशेष सावधानी बरती जा रही है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी अपडेट पर ध्यान दें और यात्रा के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
