ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर सीएम धामी का बड़ा बयान, कहा- भारत की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

देहरादून। गढ़ी कैंट स्थित दून सैनिक इंस्टीट्यूट में सोमवार को आयोजित ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और रणनीतिक क्षमता की जमकर सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना ने इस अभियान के माध्यम से दुनिया को स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान पर हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई देश की मां-बहनों का सिंदूर उजाड़ने की कोशिश करेगा तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा और उसके पूरे तंत्र को तबाह कर दिया जाएगा।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक मजबूत और निर्णायक सामरिक शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर होने वाली बड़ी घटनाओं और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर दुनिया भारत के रुख का इंतजार करती है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब वैश्विक मंच पर भारत को कमजोर और निष्क्रिय देश के रूप में देखा जाने लगा था, लेकिन अब परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। आज भारत आत्मविश्वास, साहस और आधुनिक सैन्य क्षमता के दम पर दुनिया के सामने मजबूती से खड़ा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत के आत्मनिर्भर रक्षा तंत्र और स्वदेशी सैन्य तकनीक की ताकत को भी दुनिया के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी हथियारों, आधुनिक रक्षा उपकरणों और भारतीय सैनिकों की रणनीतिक क्षमता ने यह साबित कर दिया है कि भारत किसी भी चुनौती का सामना करने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार सेना को आधुनिक संसाधनों से सशक्त बना रही है और सीमाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सेना के जवानों, अधिकारियों और शहीद सैनिकों के परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवान राष्ट्र के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और यहां के युवाओं ने हमेशा सेना में जाकर देश सेवा का गौरव बढ़ाया है। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment