उत्तराखंड को मिलेंगे 243 नए डॉक्टर, पर्वतीय क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी बड़ी मजबूती

देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लंबे समय से बनी चिकित्सकों की कमी अब काफी हद तक दूर होने जा रही है। राज्य को जल्द ही 243 नए डॉक्टर मिलने वाले हैं, जिससे सरकारी अस्पतालों और दूरस्थ क्षेत्रों की स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड की ओर से सामान्य ग्रेड चिकित्सा अधिकारियों के 243 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और चयनित अभ्यर्थियों को 14 मई को मुख्यमंत्री सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नियुक्ति पत्र वितरण के बाद चयनित चिकित्सकों की तैनाती प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त पदों के आधार पर की जाएगी। खासतौर पर पर्वतीय जिलों के अस्पतालों में डॉक्टरों की भारी कमी लंबे समय से एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी, जिसके कारण स्थानीय मरीजों को इलाज के लिए देहरादून, हल्द्वानी और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। नई नियुक्तियों से अब दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं मजबूत होने के साथ ओपीडी सेवाओं में भी सुधार देखने को मिलेगा।चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की संयुक्त निदेशक प्रशासन प्रीति पंत ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई है। विभाग का उद्देश्य है कि राज्य के हर क्षेत्र, विशेषकर पहाड़ी इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाया जाए, ताकि आम लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध हो सके।स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी स्वास्थ्य विभाग के सामने बड़ी चुनौती थी। 243 नए डॉक्टरों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है, ताकि प्रदेश के लोगों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके और बड़े शहरों पर निर्भरता कम हो।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment