देहरादून। चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। सचिवालय में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ यात्रा प्रबंधन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।चारधाम यात्रा में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। शनिवार शाम तक 10,00,497 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके थे।वहीं, चारों धामों को मिलाकर अब तक 26 लाख 86 हजार 259 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। केवल शनिवार को ही केदारनाथ धाम में 24,066 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिनमें 11 हजार से अधिक महिलाएं शामिल रहीं।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए यात्रा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
