2027 मिशन पर भाजपा का फोकस, हारी हुई 23 सीटों पर उतारे जाएंगे दिग्गज नेता

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने प्रदेश के प्रत्येक सांसद, मंत्री और विधायक को एक-एक विधानसभा क्षेत्र में 24 घंटे प्रवास करने की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही हारी हुई विधानसभा सीटों पर विशेष फोकस करते हुए कोर कमेटी के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में तय किया गया कि प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी के सभी 17 सदस्य, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हैं, राज्य की 23 हारी हुई विधानसभा सीटों पर 24 घंटे का प्रवास करेंगे। इस दौरान वे क्षेत्र की राजनीतिक स्थिति का आकलन करने के साथ संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करेंगे।बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी शामिल हुए। पार्टी नेतृत्व ने विधानसभा चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने पर जोर दिया। नेताओं को क्षेत्रीय समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को समझकर संगठनात्मक रणनीति तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया उत्तराखंड दौरे के बाद संगठन में सक्रियता और बढ़ गई है। माना जा रहा है कि दिल्ली बैठक में लिए गए फैसले आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति का अहम हिस्सा होंगे। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य उन सीटों पर विशेष ध्यान केंद्रित करना है, जहां पिछले चुनावों में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था।भाजपा का मानना है कि वरिष्ठ नेताओं के सीधे क्षेत्रीय प्रवास और कार्यकर्ताओं से संवाद के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा तथा आगामी विधानसभा चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की रणनीति तैयार होगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment