देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन स्थित मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग के अंतर्गत चयनित 221 युवाओं को आज नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवाओं के वर्षों के कठिन परिश्रम, समर्पण और संघर्ष का परिणाम है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में प्रदेश सरकार द्वारा 33 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है।उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवा अब प्रदेश के विकास और जनसेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। सरकार का उद्देश्य पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा राज्य के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा नवचयनित अभ्यर्थी भी उपस्थित रहे। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
