काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और ऊधम सिंह नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए काशीपुर में बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा सोमवार देर रात चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में कटोराताल क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार से भारी मात्रा में अवैध हथियार, 237 कारतूस, मैगजीन तथा सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों में एक 12 बोर पंप एक्शन बंदूक, एक सेमी ऑटोमैटिक .22 बोर राइफल, एक सेमी ऑटोमैटिक .32 बोर पिस्टल तथा एक .32 बोर रिवॉल्वर शामिल हैं। इसके अलावा हथियारों के साथ 237 जिंदा कारतूस और चार मैगजीन भी बरामद की गई हैं। एसटीएफ द्वारा पूर्व में काशीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह कार्रवाई की गई। जांच में बरामद अवैध शस्त्र, कारतूस, कूटरचित लाइसेंस और वाहन का संबंध काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल तथा दीप्ति अग्रवाल से पाया गया है, जिनके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रदेश में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों की वैधता और सत्यता की जांच की जा रही है। अब तक इस मामले में तीन अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं तथा पांच अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं तथा उत्तराखंड पुलिस ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई कर रही है। एसएसपी ने बताया कि एसटीएफ को काशीपुर क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार में अवैध हथियारों के होने की गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कार को कब्जे में लिया और तलाशी के दौरान हथियारों का जखीरा बरामद किया। एसटीएफ ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी को फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह तत्काल एसटीएफ को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि फर्जी लाइसेंसों के माध्यम से अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
