पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई पत्नी के सामने युवक की गोली मारकर हत्या, प्रेम विवाह बना जानलेवा

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई पत्नी के सामने उसके पति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र की है, जहां चार माह पूर्व प्रेम विवाह करने वाले युवक को हमलावरों ने कार के शीशे से सटाकर गोली मार दी। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार शामली जिले के गांव खेड़ी बैरागी निवासी 27 वर्षीय शिवकुमार अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए रामपुर मनिहारान स्थित गोचर महाविद्यालय लेकर आया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद शिवकुमार अपनी पत्नी और मामा के बेटे शुभम के साथ किराये की स्कॉर्पियो कार से वापस शामली लौट रहा था। इसी दौरान दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर शहरी पुल के समीप उनकी कार के आगे एक ई-रिक्शा खड़ा होने से वाहन रुक गया। तभी बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और कार के शीशे से सटाकर शिवकुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर कार में ही गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी आकांक्षा ने पुलिस को बताया कि उसने चार माह पहले शिवकुमार से प्रेम विवाह किया था और दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। उसने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही उसके परिजन इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे और लगातार धमकियां दे रहे थे। पत्नी ने हत्या का आरोप अपने दो सगे भाइयों सहित अन्य लोगों पर लगाया है। वहीं मृतक के पिता सलेखचंद की तहरीर पर पुलिस ने आकांक्षा के दो भाइयों समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि प्रेम विवाह के बाद से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो शिवकुमार की जान बचाई जा सकती थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment