नई दिल्ली। उत्तराखंड के प्रसिद्ध राष्ट्रीय निशानेबाज एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के शूटिंग कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने नई दिल्ली स्थित मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती थे। चिकित्सकों द्वारा उनके हृदय में कार्डियक ब्लॉकेज की समस्या को दूर करने के लिए स्टेंट सर्जरी की गई थी। सर्जरी के बाद उनकी स्थिति सामान्य और स्थिर बताई जा रही थी, लेकिन अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने पर उनका निधन हो गया। उत्तराखंड के जौनपुर क्षेत्र से संबंध रखने वाले जसपाल राणा देश के सबसे सफल पिस्टल निशानेबाजों में गिने जाते थे। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनेक प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर भारत और उत्तराखंड का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया। वर्ष 2012 के बाद उन्होंने कोचिंग के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए देश के कई प्रतिभाशाली निशानेबाजों को प्रशिक्षण दिया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान निभाया। उनकी कोचिंग में कई खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की, जिनमें ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी भी शामिल रहे। फरवरी 2025 से वह भारतीय शूटिंग टीम के 25 मीटर पिस्टल वर्ग के हाई परफॉर्मेंस कोच के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन से खेल जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है। देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और उनके शुभचिंतकों में शोक की लहर है तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
