सहकर्मी की शरारत बनी मौत की वजह, एयर प्रेशर पाइप से घायल युवक ने तोड़ा दम

रबूपुरा। उत्तर प्रदेश के यमुना सिटी स्थित रबूपुरा क्षेत्र में एक कंपनी में काम करने वाले काशीपुर निवासी युवक की सहकर्मी की कथित शरारत के चलते मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार 16 जून की सुबह रबूपुरा के सेक्टर-29 स्थित सूर्या ग्लोबल फ्लेक्सी फिल्म कंपनी में तीन सफाई कर्मचारी कार्य कर रहे थे। इनमें काशीपुर निवासी समीर, दिलशाद और जीशान शामिल थे। बताया जा रहा है कि सफाई कार्य के दौरान दिलशाद एयर प्रेशर मशीन से हवा डाल रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर मजाक में समीर के शरीर पर एयर प्रेशर पाइप लगाकर हवा छोड़ दी।घटना के बाद समीर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह दर्द से चीखने लगा। उसके शरीर से रक्तस्राव होने पर सहकर्मी घबरा गए और तत्काल कंपनी प्रबंधन को सूचना दी गई। गंभीर हालत में समीर को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच में उसकी आंत फटने की पुष्टि हुई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।समीर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि समीर चार बहनों का इकलौता भाई था और रोजगार के लिए घर से बाहर गया था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां संभालने के साथ वह अपनी बहनों की शादी कराने का सपना देख रहा था।घटना के संबंध में कंपनी के मैनेजर धर्मेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment