रामनगर। यूनाइटेड किंगडम की विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में बंद रामनगर निवासी कैप्टन अजय पंत को भारतीय उच्चायोग, लंदन की ओर से लगातार कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस संबंध में भारतीय उच्चायोग ने सांसद अजय भट्ट को पत्र भेजकर जानकारी दी है कि कैप्टन पंत से नियमित संपर्क बनाए रखा गया है और उन्होंने स्वयं को सामान्य रूप से स्वस्थ बताया है।गौरतलब है कि हाल ही में कैप्टन अजय पंत की पत्नी ने सांसद अजय भट्ट से मुलाकात कर अपने पति की सहायता के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया था। इसके बाद सांसद ने मामले को भारतीय उच्चायोग के समक्ष उठाया।भारतीय उच्चायोग ने बताया कि वह कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता, कानूनी प्रतिनिधियों और ब्रिटिश प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए है। साथ ही ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय से भी कैप्टन पंत के अधिकारों और सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है।कैप्टन अजय पंत के मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को निर्धारित है। भारतीय उच्चायोग ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले में कैप्टन पंत और उनके परिवार को हरसंभव सहायता और आवश्यक सहयोग लगातार उपलब्ध कराया जाता रहेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
