पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल एमएम लखेड़ा का निधन, राज्यपाल गुरमीत सिंह ने दी श्रद्धांजलि

देहरादून। सैन्य सेवा और सार्वजनिक जीवन में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने वाले मिजोरम एवं पुडुचेरी के पूर्व राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल एमएम लखेड़ा (सेनि) का सोमवार को निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और देहरादून के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही सैन्य, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मंगलवार को देहरादून स्थित उनके आवास पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किया और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। राज्यपाल ने कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल एमएम लखेड़ा का राष्ट्रसेवा, सैन्य नेतृत्व और सार्वजनिक जीवन में दिया गया योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। लेफ्टिनेंट जनरल लखेड़ा का सैन्य जीवन उल्लेखनीय उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा। उन्होंने भारतीय सेना में लंबे समय तक विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील पदों पर रहते हुए राष्ट्र की सेवा की। उनकी उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और प्रभावी नेतृत्व के लिए उन्हें भारतीय सेना के कई प्रतिष्ठित अलंकरणों से सम्मानित किया गया था।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment