देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार, 17 जुलाई को देहरादून दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन देहरादून के सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू रेसकोर्स मैदान में किया जाएगा, जहां राहुल गांधी लगभग दो घंटे तक प्रतियोगी परीक्षाओं, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में नकल और युवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे तथा छात्रों के सवालों का जवाब देंगे।दौरे के दौरान राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार वह दिल्ली से चार्टर्ड विमान द्वारा जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से देहरादून आएंगे। दोपहर करीब 3:30 बजे एक होटल में आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारी, नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तृत मंथन करेंगे।बैठक के बाद राहुल गांधी शाम करीब 6 बजे सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू रेसकोर्स मैदान पहुंचेंगे, जहां आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में राहुल गांधी मंच पर अकेले मौजूद रहेंगे और छात्रों से सीधे संवाद करेंगे। कांग्रेस इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं तक अपनी बात पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
