नई दिल्ली। भारत में जल्द ही पॉलिमर करेंसी नोटों का परीक्षण शुरू हो सकता है। केंद्र सरकार ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के ₹10 और ₹20 के पॉलिमर बैंक नोटों के फील्ड ट्रायल के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। हालांकि, ये नए नोट अभी आम लोगों के बीच तुरंत प्रचलन में नहीं आएंगे। पहले इनका व्यापक स्तर पर परीक्षण किया जाएगा और ट्रायल सफल होने के बाद ही देशभर में इन्हें जारी करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में लिखित जवाब में बताया कि सरकार ने आरबीआई के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए ₹10 के एक अरब (1 बिलियन) और ₹20 के एक अरब (1 बिलियन) पॉलिमर नोटों की छपाई और फील्ड ट्रायल की अनुमति दी है।आरबीआई ने अपने केंद्रीय बोर्ड की सिफारिश के आधार पर सरकार को यह प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव में कहा गया था कि फील्ड ट्रायल सफल रहने पर ₹10 और ₹20 मूल्यवर्ग के पॉलिमर नोटों को नियमित रूप से जारी किया जाएगा।पॉलिमर नोट सामान्य कागज़ी नोटों की तुलना में अधिक टिकाऊ माने जाते हैं। ये नमी, गंदगी और फटने से अपेक्षाकृत सुरक्षित रहते हैं तथा इनमें आधुनिक सुरक्षा फीचर जोड़ना भी आसान होता है। इससे नकली नोटों पर रोक लगाने और नोटों की उम्र बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।अब आरबीआई विभिन्न भौगोलिक और मौसम संबंधी परिस्थितियों में इन नोटों का परीक्षण करेगा। यदि फील्ड ट्रायल सफल रहता है, तो भविष्य में ₹10 और ₹20 के पॉलिमर नोट देशभर में नियमित रूप से जारी किए जा सकते हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
