देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों को राहत देते हुए सोमवार से बस किराए में विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 30 सितंबर तक लागू रहेगी। मानसून के दौरान यात्रियों की संख्या में आई कमी को देखते हुए निगम ने यह फैसला लिया है।जानकारी के अनुसार, जून महीने में रोडवेज की बसों में प्रतिदिन औसतन करीब 1.5 लाख यात्री सफर कर रहे थे, जिससे निगम की दैनिक आय लगभग ढाई करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। वहीं मानसून शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या घटकर करीब 90 हजार प्रतिदिन रह गई है और आय भी घटकर औसतन डेढ़ करोड़ रुपये प्रतिदिन रह गई है।यात्रियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से परिवहन निगम ने किराए में छूट देने की योजना लागू की है। परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि यदि कोई यात्री आने-जाने (राउंड ट्रिप) का टिकट एक साथ बुक करता है, तो उसे बेस फेयर पर आने और जाने दोनों टिकटों में 10-10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।इसके अलावा ग्रुप बुकिंग करने वाले यात्रियों को भी विशेष रियायत मिलेगी। यदि छह लोग एक साथ टिकट बुक करते हैं, तो चौथे यात्री को 10 प्रतिशत, पांचवें यात्री को 12 प्रतिशत और छठे यात्री को 15 प्रतिशत तक किराए में छूट प्रदान की जाएगी।परिवहन निगम ने इस संबंध में सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों (RM) और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (ARM) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। निगम का कहना है कि किराए में छूट की यह व्यवस्था पिछले वर्ष भी लागू की गई थी, जिसका यात्रियों ने अच्छा लाभ उठाया था। इस वर्ष भी इस योजना के माध्यम से अधिक से अधिक यात्रियों को रोडवेज बस सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
