एसयूवी वाहनों पर परिवहन विभाग का बड़ा अभियान, काली फिल्म और अवैध लाइटों पर सख्त कार्रवाई

हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा नियमों के पालन को सुनिश्चित करने और वाहनों में किए जा रहे अवैध संशोधनों पर रोक लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने मंगलवार से थार, स्कॉर्पियो समेत अन्य एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया। आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह के निर्देश पर शुरू हुए इस तीन दिवसीय अभियान के तहत हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर और काशीपुर में परिवहन विभाग की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान काली फिल्म चढ़ाकर चलाए जा रहे वाहनों और अनधिकृत हाई-डेंसिटी लाइटों का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कई वाहन चालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए धौंस जमाने, परिचय का हवाला देने और स्वयं को विभागीय स्टाफ या पुलिसकर्मी बताकर दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन परिवहन विभाग के अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की सिफारिश या दबाव को स्वीकार नहीं किया और सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की।काठगोदाम क्षेत्र में परिवहन कर अधिकारी गोविंद सिंह अपनी टीम के साथ विशेष चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान दिल्ली नंबर की एक एसयूवी को रोकने पर उसमें काली फिल्म लगी मिली। कार्रवाई के दौरान वाहन स्वामी अधिकारियों से बहस करने लगा और दावा किया कि यदि यह कार्रवाई दिल्ली में होती तो कोई उसकी गाड़ी को हाथ भी नहीं लगा सकता था। वहीं एक अन्य वाहन पर पुलिस का स्टिकर लगा हुआ मिला। वाहन चालक ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए कार्रवाई से बचने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने उसकी एक नहीं सुनी और नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रखी। अभियान के दौरान विभाग की टीम ने मौके पर ही कई वाहनों से काली फिल्म हटवाई और अनधिकृत लाइटें उतरवाईं। आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि अभियान के पहले दिन 28 वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाई गई, जबकि 26 वाहनों में लगी अवैध हाई-डेंसिटी लाइटें जब्त की गईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी ऐसे वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुरक्षित और नियमों के अनुरूप बनी रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment