उत्तराखंड में SIR: दावे-आपत्तियों के लिए आज अंतिम मौका, 13 अगस्त के बाद नहीं होंगे स्वीकार

देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 13 अगस्त तक ही मौका है। इसके बाद कोई दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। हालांकि, 13 अगस्त तक प्राप्त दावे और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 13 सितंबर तक जारी रहेगी। प्रदेश में SIR के तहत मतदाता सूची में सामने आई विसंगतियों पर सुनवाई का दौर चल रहा है। इसके साथ ही नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7, विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 तथा दावे-आपत्तियों से संबंधित फॉर्म-9, 10 और 11 भरने की प्रक्रिया भी जारी है। प्रदेशभर में अब तक मतदाता सूची से संबंधित करीब 70 हजार आपत्तियां प्राप्त हो चुकी हैं, जबकि नए मतदाताओं के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार दावे और आपत्तियां जमा कराने की अंतिम तिथि 13 अगस्त निर्धारित है और इसके बाद नए दावे या आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। विशेष बात यह है कि 13 अगस्त तक नए मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वाले लोगों के आवेदन पर SIR की प्रक्रिया के दौरान ही विचार किया जाएगा और पात्र पाए जाने पर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा। इसके बाद प्राप्त होने वाले नए आवेदनों पर SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार विचार किया जाएगा। प्रदेश के पर्वतीय जिलों की तुलना में मैदानी जिलों में मतदाता सूची को लेकर अधिक संख्या में आपत्तियां सामने आ रही हैं। विशेष रूप से ऊधमसिंह नगर जिले की जसपुर और काशीपुर समेत कई विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। प्राप्त आपत्तियों के आधार पर संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर उनका जवाब मांगा जाएगा और दावे-आपत्तियों पर निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) नियमानुसार निर्णय लेंगे। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान यदि किसी एक व्यक्ति के नाम से पांच से अधिक आपत्तियां प्राप्त होती हैं तो संबंधित मामले की जांच कराई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार SIR का उद्देश्य मतदाता सूची में मौजूद विसंगतियों का निस्तारण कर सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। ऐसे में जिन मतदाताओं को अपने नाम, विवरण या अन्य संबंधित विषयों को लेकर दावा या आपत्ति दर्ज करनी है, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment