काशीपुर। नगर क्षेत्र की पुरानी सब्जी मंडी में अतिक्रमण की समस्या अब व्यापारियों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद कर दूसरे क्षेत्र में कारोबार करने को मजबूर हो रहे हैं। कोई रामनगर रोड का रुख कर रहा है तो कोई अन्य स्थानों पर दुकान तलाश रहा है। व्यापारियों का कहना है कि जब ग्राहक ही दुकानों तक नहीं पहुंच पाएंगे तो व्यापार कैसे चलेगा? व्यापारियों का कहना है कि वह बिजली के पक्के बिल, जीएसटी, आयकर सहित विभिन्न प्रकार के टैक्स और अन्य देनदारियों का नियमित भुगतान कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें मूलभूत व्यापारिक सुविधा यानी ग्राहकों की सुगम आवाजाही तक नहीं मिल पा रही है। अतिक्रमण के चलते पुरानी सब्जी मंडी में ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिससे दुकानदारों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अतिक्रमण मुक्त काशीपुर की कल्पना तभी साकार होगी, जब पुरानी सब्जी मंडी को भी अतिक्रमण से निजात मिलेगी। नगर निगम अपने कार्यालय से महज 200 मीटर के दायरे में अतिक्रमण की समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है, तो शहर के अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की उम्मीद कैसे की जाए? व्यापारियों ने सवाल उठाया कि प्रशासन आखिर किस तरह की पुरानी सब्जी मंडी देखना चाहता है अतिक्रमण से घिरी ऐसी मंडी, जहां ग्राहक पहुंच ही न सकें या फिर अतिक्रमण मुक्त व्यवस्थित मंडी, जहां ग्राहक आसानी से पहुंचकर खरीदारी कर सकें और व्यापारियों का कारोबार भी खुशहाल हो सके।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
