देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डिफेंस कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में राधाकृष्ण मंदिर समिति की ओर से आयोजित शिवमहापुराण कथा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से है। राज्य की यह विशिष्ट पहचान देश-दुनिया में उत्तराखंड को अलग स्थान प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ आपसी भाईचारे, सौहार्द और सद्भाव की भावना भी मजबूत होती है। राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने शिवमहापुराण कथा के आयोजन को धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान कथा व्यास और राधाकृष्ण मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। शिवमहापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और भक्तों ने भगवान शिव की कथा का श्रवण कर धार्मिक लाभ प्राप्त किया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
