टीएचडीसी टनल हादसा: सीएम धामी ने घटनास्थल पहुंचकर रेस्क्यू अभियान का लिया जायजा

चमोली। मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को घटनास्थल पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने टनल के अंदर जाकर रेस्क्यू अभियान की प्रगति का जायजा लिया और बचाव दलों से टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। यह हादसा विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की टीआर टनल में हुआ, जिसकी लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण अचानक मलबा और पानी भर गया, जिससे वहां काम कर रहे लोग फंस गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को रेस्क्यू अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों, आधुनिक तकनीक और तकनीकी विशेषज्ञता का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को बताया कि टनल में फंसे कुल 22 लोगों में से 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि शेष तीन लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मृत्यु की सूचना है और घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में चल रहा है। हादसे के बाद सामने आई जानकारी के अनुसार, टनल के भीतर तेज आवाज के बाद मलबा और पानी आने से स्थिति गंभीर हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों की ओर से टनल में काम करने वाले श्रमिकों के प्रवेश और निकास का रिकॉर्ड रखने की आवश्यकता भी उठाई गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में टनल के भीतर मौजूद श्रमिकों की सही संख्या तत्काल पता चल सके और बचाव अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों और वीडियो में टनल के भीतर काफी मात्रा में पानी जमा दिखाई दिया, जबकि बचाव दल पानी के बीच फंसे श्रमिकों की तलाश में अभियान चलाते नजर आए। उत्तराखंड में पूर्व में भी आपदाओं के दौरान सुरंगों में श्रमिकों के फंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें 2021 की ऋषिगंगा और तपोवन-विष्णुगाड जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़ी घटनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने वर्तमान रेस्क्यू अभियान में जुटी टीमों को पूरी सावधानी और समन्वय के साथ कार्य करने तथा फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment